हिमाचल के साथ सटे चंडीगढ़ में कोरोना वायरस का एक मामला पॉजिटिव आया है। जिसके बाद प्रदेश में अब सरकार व तमाम जिलों का प्रशासन और ज्यादा अलर्ट हो गया है। प्रदेश सरकार ने फ्लू व बुखार से पीड़ित कर्मचारियों को अवकाश पर रहने की सलाह दी है। सरकारी कार्यालयों में सेवारत गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ कर्मचारियों व गंभीर बीमारियों का इलाज करवा रहे कर्मियों को विशेष एहतियात बरतने के लिए कहा है।
मुख्य सचिव अनिल खाची ने आदेश जारी कर कोरोना वायरस के खिलाफ एहतियाती उपाय बताए हैं। सरकारी कार्यालयों में लोगों का प्रवेश सीमित करने को कहा गया है। बेहद आवश्यक कार्य होने पर ही लोग मास्क लगाकर व सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर कार्यालय में जा सकेंगे।