भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का शुक्रवार सुबह 11:35 बजे नगरोटा बगवां बाजार में रोड शो होगा। उसके बाद यहीं गांधी मैदान में नड्डा दोपहर 12:10 से 1:30 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। नड्डा की इस चुनावी जनसभा में भाजपा का कौन विधायक और पूर्व विधायक लोगों की कितनी भीड़ लाता है, इसका रिकॉर्ड रखा जाएगा। विधायक और पूर्व विधायक जिन गाड़ियों में अपने समर्थकों को लाएंगे, उस गाड़ी पर भाजपा ने क्यूआर कोड लगाया है।
जनसभा स्थल में एंट्री के समय भाजपा की टीम इस कोड को स्कैन करेगी। बताया जा रहा है कि भीड़ का रिकॉर्ड विधानसभा चुनाव में टिकट आवंटन का आधार बनेगा। जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पहली बार यह नया फार्मूला निकाला है। भाजपा ने इस जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए पार्टी के संगठनात्मक जिला पालमपुर और कांगड़ा के आठ विधानसभा क्षेत्रों के अपने विधायकों और पूर्व विधायकों को जिम्मा सौंपा है। इन्हें गांधी मैदान में 25000 लोगों की भीड़ लाने के लिए कहा गया है।