शिमला
शिमला के ढली थाना क्षेत्र के तहत करियाल घाट में एक कार के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई और दो महिलाएं जख्मी हुई हैं। हादसा रविवार सुबह साढ़े 9 बजे के करीब मुंडघाट नामक स्थान पर हुआ। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 36 वर्षीय नितिन शर्मा निवासी मुंडघाट के रूप में हुई है। हादसे में उसकी पत्नी मोनिका शर्मा और बहन पूजा शर्मा घायल हुई हैं। इन्हें आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई कार में तीन लोग सवार थे। कार को नितिन चला रहा था। मुंडघाट में संतुलन खोने से कार खाई में लुढ़क गई। पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर आईजीएमसी पहुंचाया। जहां बुरी तरह घायल नितिन को डाॅक्टरों ने मृत करार दिया। घायल महिलाओं की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
एसपी शिमला ओमा पति जंबाल ने पुष्टि करते हुए कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव का पोस्मार्टम करवाया जा रहा है।