सोलन:
हिमाचल प्रदेश में अब हमेशा प्कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को एक बार फिर सोलन जिले से 6 मामले सामने आए हैं। इन मामलों के सामने आने के बाद प्रदेश में कुल एक्टिव केस की संख्या 206 हो गई है, वहीं कुल केस की संख्या भी 601 हो गई है। आज जो मामले सामने आए हैं उनमें से 4 केस होम क्वांरटाइन से आए हैं जबकि 2 संस्थागत क्वांरटाइन किए गए थे। जानकारी के अनुसार जो होम क्वारंटाइन से मामले आए हैं वे सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। होम क्वांरटाइन किए गए परिवार के चारों सदस्यों की सैंपलिंग की गई थी, जिसकी आज रिपोर्ट आने के बाद सभी पॉजिटिव पाए गए हैं। संस्थागत क्वारंटाइन में कुछ दिन पूर्व दिल्ली से 4 लोग भाग कर सोलन आए थे, उनमें से 3 लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया था जबकि एक फरार हो गया था। पकड़े गए लोगों को राधा स्वामी सत्संग न्यास में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था, इनमें से एक की रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। वहीं दूसरा मामला परवाणु क्वारंटाइन सैंटर से सामने आया है। सभी को कोविड अस्पताल भेजा रहा है। प्रदेश में हालांकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। प्रदेश में अब तक 376 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं जबकि 6 लोगों की मौत हो चुकी है।