हिमाचल के कुल्लू जिले के मनाली में हिडिंबा मंदिर में इकट्ठा हुए कई देवी-देवताओं ने विश्व में फैले कोरोना वायरस के प्रति लोगों को सचेत किया है और एहतियात बरतने की सलाह दी है। देवी हिडिंबा के प्राचीन मंदिर ढुंगरी में घाटी के दर्जनों देवी-देवताओं एकत्रित हुए। देवता के कारदारों ने दावा किया कि इस दौरान देवता की ओर से लोगों को आश्वासन दिया गया कि कोरोना जैसी महामारी का संकट पूरे विश्व में है, उसे वे जल्द समाप्त करेंगे।
हिडिंबा मंदिर में चैत्र मास में कोरोना बीमारी से बचने को दुर्गा पाठ किया जाएगा। देवी हिडिंबा के कारदार और पुजारी रोहित राम शर्मा और मनु ऋषि के कारदार रघुवीर नेगी ने बताया कि आदि काल से चैत्र मास के नवरात्रों में दुर्गा पाठ किया जाता है। इस बार देवी-देवताओं के आदेश पर विशेष रूप से दुर्गा पाठ कोरोना जैसी बीमारी के निवारण को किया जाएगा।
गौरतलब है कि देश और विश्व में आने वाले संकट, महामारी और प्राकृतिक आपदा के लिए कुल्लू की आराध्य देवी हिडिंबा के प्राचीन मंदिर ढुंगरी में ऊझी घाटी के सभी देवी-देवता एकत्रित होते हैं। बुधवार को देवी हिडिंबा के दरबार में घाटी के करीब एक दर्जन देवी-देवताओं ने भाग लिया।
यह देवी देवता हुए शामिल :- देवी हिडिंबा, मनु ऋषि, ब्यास ऋषि, गौतम ऋषि, सियाली महादेव, शंक नारायण, सृष्टि नारायण, शिरघन नाग, वीरनाथ, शांडिल्य ऋषि, कार्तिक स्वामी, गोशाली नाग, जमदग्नि ऋषि व पराशर ऋषि अपने निशान के साथ सैकड़ों हारियानों व कारकूनों के साथ मौजूद रहे।